Bhumi Pujan of Shri Ram Temple, celebrated as Diwali
गोरखपुर समाचार ब्यूरो
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण का सपनें सजाये लाखों लोगों ने बुधवार को रामलला मंदिर भूमि पूजन को उत्सव के रूप में मनाया। अयोध्या नगरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम को टीवी पर लाइव देख लोग ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
वहीं राम मंदिरों में पूरे दिन भजन-कीर्तन, रामचरितमानस का पाठ हुआ और शाम होते ही घरों और चौराहों पर लोगों ने आस्था के दीप जलाए। कई जगहों पर पटाखे जलाकर खुशियां मनाई गईं।अयोध्या नगरी पूरा वातावरण दिवाली जैसा हो गया। जय श्रीराम के नारे के बीच गोरक्षनगरी राममय हो गई।
शहर में सुबह से ही लोग घरों में टीवी से चिपके रहे। जैसे ही राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में प्रधानमंत्री ने भूमिपूजन शुरू किया, लोगों ने अपने घरों में तालियां बजाकर खुशी जाहिर की। भालोटिया मार्केट को केसरिया गुब्बारों से सजाया गया था।
दवा विक्रेता समिति की ओर से लड्डू खिलाकर उत्सव मनाया गया। विहिप कार्यालय के रामदरबार में भजन-कीर्तन हुआ और शाम को आतिशबाजी की गई। मंदिरों में हवन और भजन-कीर्तन, गीता वाटिका के रामदरबार में संकीर्तन, बर्डघाट रामलीला में दीपोत्सव, हनुमान मंदिर में हवन-पूजन किया गया। इसी प्रकार शहर के सभी मंदिरों में पूजा-पाठ किया गया और उत्सव के रूप में मनाया गया।
गोरखपुर कचहरी चौराहे पर लगाई गई बड़ी स्क्रीन
कचहरी चौराहे पर बड़ी स्क्रीन लगाकर अयोध्या के भूमिपूजन कार्यक्रम को लाइव देखने की व्यवस्था की गई थी। चौराहे से गुजर रहे लोग कार्यक्रम के दौरान खड़े हो गए और इस गौरवमयी पल के साक्षी बने।
सजाए गए थे शहर के प्रमुख चौराहे और स्थल
शहर के प्रमुख चौराहों को झालरों से सजाया गया था। गोलघर काली मंदिर, इंदिरा बाल विहार स्थित इंदिरा गांधी की मूूर्ति, अग्रसेन तिराहा, यातायात कार्यालय, दीवान बाजार स्थित काली मंदिर आदि जगहों को सजावट से भव्य रूप दिया गया था। चौरी चौरा और फुटहवां इनार में मंदिरो को सजाया गया ,और भजन कीर्तन किया गया।